कार से 9000 रुपए की साइकिल चोरी करने पहुंचा जब 'रईस' का बेटा



तस्वीर में दिखाई दे रहे इस युवक(ब्लैक जैकेट) के पिता के कई डम्पर चलते हैं। यानी करोड़पति हैं। बावजूद बेटे को अपने दोस्त से 3000 रुपए की उधारी वसूलने चोर बनना पड़ा। उसने 9000 रुपए कीमत की एक साइकिल चोरी की। उसे उठाने अपनी 20 लाख रुपए की कार लेकर पहुंचा था। लेकिन सीसीटीवी कैमरे में कैप्चर होने से धरा गया। करोड़पति बाप के बेटे का दोस्त आरकेडीएफ कॉलेज से इंजीनियरिंग कर रहा है। उसने साइकिल ओएलएक्स पर बिकवाकर अपनी उधारी वसूली थी।

ऐसे दिया चोरी को अंजाम
कोहेफिजा टीआई शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि आदित्य एवेन्यू में रहने वाले धनराज साहू(64) की बेटी की साइकिल 31 अक्टूबर की रात चोरी हो गई थी। पुलिस ने जब जांच-पड़ताल शुरू की, तो कॉलोनी में लगे सीसीटीवी में दो युवक लाल रंग की जीप कंपास कार में साइकिल ले जाते नजर आए। इनमें एक कार में बैठा रहा, जबकि दूसरे ने साइकिल उठाकर अंदर रख ली। इसके बाद पुलिस ने अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बाद में कार के नंबर की जानकार जुटाई। यह कार इसी कॉलोनी में रहने वाले यशवंत मीणा की निकली। पुलिस जब उनके घर तक पहुंची, तो मालूम चला कि साइकिल अतुल कुजुर ने चोरी की है। पुलिस ने जब उसे पकड़ा, तो पहले तो वो मुकर गया, लेकिन बाद में अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि यह साइकिल उसने अपने दोस्त यशवंत के साथ मिलकर चोरी की थी।

गले में पहन रखी थी सोने की चेन
जब यशवंत को पकड़ा गया, तब उसके गले में सोने की दो चेन और उंगुलियों में सोने की अंगूठी पहन रखी थीं। साइकिल उसने प्रवीण बैरागी नामक किसी को बेची थी। पुलिस ने साइकिल जब्त कर ली। पुलिस ने जब उससे चोरी की वजह पूछी, तो वो रुंआसा होकर बोला कि गलती हो गई।

यशवंत बीई का छात्र है। बताते हैं कि अतुल ने यशवंत से कुछ दिन पहले साढ़े तीन हजार रुपए उधार लिए थे। यह रकम वो चुका नहीं पा रहा था। इसीलिए उसने साइकिल चोरी की। अतुल के पिता कोच फैक्ट्री में मैकेनिकल इंजीनियर हैं। जबकि यशवंत के पिता के डम्पर चलते हैं।

टिप्पणियाँ